Tuesday, July 28, 2026

शाहजहांपुर में नकली मसाला फैक्ट्री पर छापा, 40 क्विंटल सौंफ और सिंथेटिक केमिकल बरामद

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 8, 2026

शाहजहांपुर में नकली मसाला फैक्ट्री पर छापा, 40 क्विंटल सौंफ और सिंथेटिक केमिकल बरामद

जागरण टुडे, शाहजहांपुर।

जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने जलालाबाद क्षेत्र में एक और बड़ी कार्रवाई की। विभाग की टीम ने गुनारा गांव में संचालित एक मसाला फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 40 क्विंटल सौंफ और साढ़े पांच किलोग्राम से अधिक सिंथेटिक केमिकल बरामद किया। अधिकारियों के अनुसार बरामद रसायन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और इसके सेवन से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

सहायक आयुक्त (खाद्य) विनीत कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे मसालों की गहन जांच की गई। प्रारंभिक जांच में अवैध रूप से मिलावट कर अधिक मुनाफा कमाने की आशंका सामने आई। टीम ने मौके से बरामद सौंफ और सिंथेटिक केमिकल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।


कार्रवाई के बाद विभागीय टीम ने जलालाबाद स्थित केबी फूड्स फर्म का भी निरीक्षण किया। यहां जीरे की गुणवत्ता की जांच की गई। प्रथम दृष्टया जीरा खाद्य मानकों के अनुरूप मिला, लेकिन गुणवत्ता की पुष्टि के लिए उसका नमूना प्रयोगशाला भेजा गया है।

एफएसडीए की टीम ने अभियान के दौरान क्षेत्र से जीरा समेत विभिन्न मसालों के कुल आठ नमूने एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।


सहायक आयुक्त (खाद्य) विनीत कुमार ने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विभाग की कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.