जागरण टुडे। जनपद एटा के अलीगंज कस्बा स्थित मोहल्ला टपन टोला में गुरुवार को एक दो मंजिला मकान में भीषण आग लगने से भारी तबाही मच गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में मकान में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया, वहीं बाहर खड़े कई वाहन भी आग की भेंट चढ़ गए। पीड़ित परिवार ने लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला टपन टोला निवासी चमन मियां पुत्र जरूर खान के दो मंजिला मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने निचली मंजिल से लेकर दूसरी मंजिल तक पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
आग की चपेट में एक कार, एक टेंपो, दो बाइक और एक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इसके अलावा मकान में रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान, बिस्तर और अन्य घरेलू सामग्री भी आग में जल गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया और इसकी सूचना तत्काल दमकल व पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। परिवार का कहना है कि आग से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है।