Tuesday, July 28, 2026

मथुरा में शुरू हुआ 'लाड़ली वन', 101 ग्राम पंचायतों में होगा पौधरोपण

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 9, 2026

मथुरा में शुरू हुआ 'लाड़ली वन', 101 ग्राम पंचायतों में होगा पौधरोपण

जागरण टुडे, मथुरा

मुख्यमंत्री के आह्वान पर संचालित 'एक पेड़ मां के नाम' वृहद वृक्षारोपण अभियान-2026 के तहत जनपद में नवाचार के रूप में 101 ग्राम पंचायतों में मियावाकी पद्धति से 'लाड़ली वन- आओ लौटाएं ब्रज की हरियाली' अभियान का शुभारंभ गुरुवार को विकासखंड फरह की ग्राम पंचायत बरारी से किया गया।


जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बलदेव विधायक पूरन प्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बरारी में 1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 3000 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय की 50 छात्राओं ने पौधारोपण कर तीन-तीन पौधों को गोद लिया और उनकी देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी ने पौधारोपण के साथ छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए तथा संबंधित अधिकारियों को 12 जुलाई तक शेष 100 ग्राम पंचायतों में भी लाड़ली वन की स्थापना का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिवों से अभियान को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा।

मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम में मौजूद कंसल्टिंग इंजीनियरों एवं ग्राम पंचायत सचिवों को बरारी में अपनाई गई तकनीकी का अध्ययन कर उसी मॉडल के आधार पर चिन्हित 100 अन्य ग्राम पंचायतों में भी लाड़ली वन विकसित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वृक्ष लगाओ' का संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और बेटियों के सम्मान को साथ लेकर चलना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर ब्रज की हरियाली लौटाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन बलदेव विधायक पूरन प्रकाश के आशीर्वचन के साथ हुआ। उन्होंने वृक्षारोपण को जनभागीदारी का अभियान बताते हुए सभी से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.