मुरादाबाद मंडल के शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रशासन ने विशेष सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाकर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 116 यात्रियों से ₹83,770 की वसूली की गई।
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव के निर्देश पर तथा प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान की निगरानी मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एस.के. ठाकुर ने की, जबकि संचालन मुख्य टिकट निरीक्षक नरेंद्र कुमार त्यागी के नेतृत्व में हुआ।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान 40 बिना टिकट यात्रियों से ₹10,745 किराया और ₹20,000 जुर्माना सहित कुल ₹30,715 वसूले गए। वहीं 75 अनियमित यात्रियों से ₹15,375 किराया तथा ₹37,500 जुर्माना सहित कुल ₹52,775 की वसूली की गई। इसके अलावा स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले एक यात्री पर ₹100 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार कुल 116 यात्रियों से ₹83,770 की वसूली की गई।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई के बाद प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री में वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं स्टेशन परिसर में बिना कारण घूमने वाले लोगों में भी अभियान का असर देखने को मिला। टिकट जांच के दौरान कई पुलिसकर्मी और दैनिक यात्री भी बिना वैध टिकट या अनियमित यात्रा करते हुए पकड़े गए।
मुख्य टिकट निरीक्षक नरेंद्र कुमार त्यागी ने बताया कि रेलवे प्रशासन के निर्देश पर भविष्य में भी इस तरह के सघन टिकट चेकिंग अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
यह विशेष अभियान ट्रेन संख्या 13006, 13308, 14307, 14235, 12470, 15715, 14229, 54349, 03212, 22454, 15076, 13152 और 15211 सहित विभिन्न ट्रेनों में चलाया गया। अभियान में टिकट जांच स्टाफ के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के जवान भी मौजूद रहे।