गुप्त मतदान प्रक्रिया के बाद सर्वसम्मति से गठित हुई नई कार्यकारिणी, पदाधिकारियों का हुआ स्वागत
जागरण टूडे, अनवर खांनस, सहावर।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, उपशाखा तहसील सहावर का द्विवार्षिक चुनाव शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तहसील सभागार में शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया संघ के संविधान के अनुरूप निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में संपन्न कराई गई। सभी पदों पर आपसी सहमति बनने के कारण पूरी कार्यकारिणी निर्विरोध निर्वाचित घोषित की गई।
निर्वाचन अधिकारी आदित्य गौतम तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी सुशील कुमार की उपस्थिति में चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद परिणामों की घोषणा करते हुए पंकज कुमार को निर्विरोध तहसील अध्यक्ष घोषित किया गया। उनके नेतृत्व में नई कार्यकारिणी के गठन पर उपस्थित लेखपालों ने खुशी व्यक्त करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
नई कार्यकारिणी में जिकरुल हसन को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रियांशी माहेश्वरी को कनिष्ठ उपाध्यक्ष, वीरेन्द्र सिंह को मंत्री, दिनेश कुमार को उपमंत्री, राहुल कुमार को कोषाध्यक्ष तथा गगन कुमार को लेखापरीक्षक चुना गया। सभी पदाधिकारियों का निर्वाचन निर्विरोध हुआ, जिससे संगठन में आपसी एकता और सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।
निर्वाचन अधिकारियों ने चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा करने के साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की सूची एवं आवश्यक अभिलेख अग्रिम कार्रवाई एवं अभिलेखीकरण के लिए उपजिलाधिकारी एस.एन. त्रिपाठी, तहसीलदार संदीप चौधरी, उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष दीपक भारद्वाज तथा जिला महामंत्री आदित्य गौतम को प्रेषित कर दिए।
चुनाव संपन्न होने के बाद जिला नेतृत्व एवं तहसील के लेखपालों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी संगठन की गरिमा को बनाए रखते हुए लेखपालों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएगी।
सहावर तहसील में निर्विरोध कार्यकारिणी के गठन को लेकर लेखपालों में उत्साह का माहौल रहा। उपस्थित सदस्यों ने इसे संगठन की एकजुटता और आपसी विश्वास का प्रतीक बताते हुए आशा व्यक्त की कि नई टीम सभी सदस्यों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।