Tuesday, July 28, 2026

उत्तर मध्य रेलवे के नए सीपीआरओ बने डॉ. शिवम शर्मा, दूसरी बार संभाली जिम्मेदारी

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 10, 2026

उत्तर मध्य रेलवे के नए सीपीआरओ बने डॉ. शिवम शर्मा, दूसरी बार संभाली जिम्मेदारी

जागरण टुडे, मथुरा।

उत्तर मध्य रेलवे को नया मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) मिल गया है। भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के 2011 बैच के अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने शुक्रवार को मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह जिम्मेदारी श्री शशिकांत त्रिपाठी के स्थान पर संभाली है, जिनका मुख्य यातायात योजना प्रबंधक के पद पर पदोन्नति के बाद स्थानांतरण हुआ है।

डॉ. शिवम शर्मा इससे पहले प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। खास बात यह है कि मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल है। इससे पहले वर्ष 2021-22 में भी वे इसी पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

रेलवे प्रशासन में डॉ. शर्मा का लंबा और विविध अनुभव रहा है। उन्होंने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उप मुख्य दावा अधिकारी तथा मंडल ट्रैफिक मैनेजर, टूंडला जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उप मुख्य दावा अधिकारी के रूप में उन्होंने प्रयागराज में रेलवे दावा अधिकरण की पीठ स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।

रेलवे के अलावा डॉ. शर्मा भारतीय खेल प्राधिकरण (एसएआई) में प्रतिनियुक्ति पर निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। करीब तीन वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला के निदेशक तथा बाद में सोनीपत स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में कार्य किया। इस दौरान हरियाणा में खेलों के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कराया। वर्ष 2024 में पेरिस ओलंपिक के दौरान वे भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा रहे।

डॉ. शिवम शर्मा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी में स्नातक हैं। उत्तर मध्य रेलवे में उन्हें ऊर्जावान, अनुभवी और गतिशील अधिकारी के रूप में जाना जाता है। उनके कार्यभार संभालने से जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.