जागरण टुडे, शाहजहाँपुर।
सदर बाजार थाना पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के एक फरार वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसकी तलाश में लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को थाना सदर बाजार में दर्ज एक मुकदमे में आरोपी शादाब के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अतिरिक्त धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं।
शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी हद्दफ चौकी के पास मक्कू बजरिया मार्ग पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शादाब (27 वर्ष) पुत्र निवासी झण्डा कला, थाना सदर बाजार, शाहजहाँपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी से आवश्यक पूछताछ करने के बाद वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय में पेश कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना नियमानुसार आगे भी जारी रहेगी तथा न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस गिरफ्तारी को नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नितिन कुमार और कांस्टेबल मोनू सैनी की प्रमुख भूमिका रही।