Tuesday, July 28, 2026

स्कूल से लौट रही हाईस्कूल छात्रा को ट्रक ने कुचला, मौत के बाद हाईवे जाम

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 10, 2026

स्कूल से लौट रही हाईस्कूल छात्रा को ट्रक ने कुचला, मौत के बाद हाईवे जाम

जागरण टुडे, शाहजहांपुर।

कांट थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर स्कूल से साइकिल पर घर लौट रही हाईस्कूल की छात्रा की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मूल रूप से मदनापुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढका निवासी 16 वर्षीय कामिनी इन दिनों कांट क्षेत्र के ग्राम बलीपुर में अपने नाना हरिपाल सिंह के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह कांट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा थी। शुक्रवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद वह साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान ग्राम बलीपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्रा ट्रक के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने छात्रा का शव सड़क पर रखकर हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना पर थाना प्रभारी राकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए समझाया, जिसके बाद करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया गया कि कामिनी पढ़ाई में काफी होनहार थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में मां सुधा के अलावा तीन छोटी बहनें और एक छोटा भाई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस का कहना है कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश के साथ मामले की जांच की जा रही है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.