Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में नवविवाहित दंपति ने किया विषाक्त पदार्थ का सेवन, पत्नी की मौत; मायके पक्ष ने दहेज उत्पीडन का लगाया आरोप, पति की हालत में सुधार

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 12, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में नवविवाहित दंपति ने किया विषाक्त पदार्थ का सेवन, पत्नी की मौत; मायके पक्ष ने दहेज उत्पीडन का लगाया आरोप, पति की हालत में सुधार


जागरण टूडे, गुड्डू यादव, कासगंज

शहर की श्री गणेश कॉलोनी में नवविवाहित दंपति द्वारा कथित रूप से  विषाक्त पदार्थ का सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में 22 वर्षीय विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि पति का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है।


 घटना के बाद मायके पक्ष ने पति एवं ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बरेली के मोहल्ला शांति  बिहारी थाना सुभाष नगर निवासी वेद प्रकाश ने अपनी पुत्री सलोनी (22) का विवाह 13 फरवरी 2026 को कासगंज के श्री गणेश कॉलोनी निवासी सौरभ के साथ किया था। मृतका के परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही सौरभ और उसके परिजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर सलोनी का मानसिक उत्पीड़न कर रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद भी हुआ था।

बताया जा रहा है कि शनिवार और रविवार की मध्य रात्रि के बाद किसी समय पहले  सलोनी ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।  जानकारी होने पर पति सौरभ ने भी खा लिया।


कुछ ही देर में दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन तत्काल दोनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। सलोनी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं सौरभ को पहले निजी अस्पताल के बाद अलीगढ़ मेडिकल कालेज को भेजा गया है‌ । जहां उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के परिजनों ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ तहरीर देकर दहेज उत्पीड़न एवं अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.