प्रेस क्लब के लिए स्थायी कार्यालय, पत्रकार सुरक्षा कानून व टोल टैक्स में छूट सहित कई मांगें उठाईं
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मांगों पर नियमानुसार विचार का दिया आश्वासन
जागरण टूडे, आर्यन ठाकुर,कासगंज।
उत्तर प्रदेश के पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा को लेकर कासगंज प्रेस क्लब का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को लखनऊ स्थित 5, कालिदास मार्ग पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिला। कासगंज प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह 'बॉबी ठाकुर' के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, सुविधाओं और कल्याण से जुड़ा नौ सूत्रीय मांग-पत्र सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करने वाले पत्रकार अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और कार्य सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। मांग-पत्र में कासगंज जनपद में प्रेस क्लब के लिए स्थायी कार्यालय उपलब्ध कराने, जिला स्तर पर स्थायी पत्रकार समिति के गठन, पत्रकारों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने तथा पत्रकारों के विरुद्ध किसी भी मुकदमे के पंजीकरण से पूर्व निष्पक्ष जांच कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
इसके अलावा पत्रकारों के लिए वेतन एवं भत्ता लागू करने, टोल टैक्स में छूट देने, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पत्रकारों तक पहुंचाने तथा पत्रकार हितों से जुड़ी अन्य मांगों पर भी सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से पत्रकार अधिक निष्पक्ष, निर्भीक और प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रस्तुत मांगों पर नियमानुसार विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर कासगंज प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह 'बॉबी ठाकुर', दैनिक सहानुभूति के संपादक विजय दास मौर्य, राष्ट्रीय लोकदल कासगंज के जिलाध्यक्ष शमीम अहमद अल्वी तथा रितेश द्विवेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।