जागरण टुडे, मथुरा।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने गुरुवार को विकासखंड चौमुहां के अकबरपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों के रखरखाव, छात्रावास की व्यवस्था और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती रतनकीर्ति, जिला समन्वयक कस्तूरबा गांधी विद्यालय नवीन कुमार, वार्डन श्रीमती माला सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सीडीओ ने विद्यालय के हॉल में रखी स्टेशनरी और संगीत उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि सामग्री सुव्यवस्थित ढंग से नहीं रखी गई है। इस पर वार्डन को निर्देश दिए गए कि सभी स्टेशनरी और संगीत उपकरणों के लिए निर्धारित स्थान तय कर उन्हें व्यवस्थित रखा जाए।
इसके बाद उन्होंने छात्रावास भवन का निरीक्षण किया। भूतल पर कक्षा नौ से 12 तक की छात्राओं के लिए बने आवासीय कक्षों में फर्नीचर रखा होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। वार्डन को निर्देशित किया गया कि समस्त फर्नीचर को एक ही कक्ष में सुरक्षित रखा जाए, ताकि अन्य कमरों का उपयोग छात्राओं के आवास के लिए किया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखी जाए तथा सप्ताह में एक दिन विशेष सफाई अभियान चलाकर विद्यालय को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. पूजा गुप्ता ने विद्यालय में रह रही छात्राओं के साथ पौधारोपण भी किया। उन्होंने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए प्रेरित किया कि प्रत्येक छात्रा कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक हरियाली से विद्यालय का वातावरण स्वच्छ और स्वस्थ रहेगा तथा छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।