डीएम प्रणय सिंह की पहल हुई साकार, मैदा मिल के सामने चांडी चौराहे के पास अमांपुर रोड स्थित केंद्र पर सुबह 9 से शाम 5 बजे तक मिलेंगी सभी सुविधाएं
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आधार कार्ड बनवाने और उसमें संशोधन कराने के लिए वर्षों से परेशान जिलेवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अब लोगों को बैंक, डाकघर और दूसरे जिलों के आधार सेवा केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिलाधिकारी प्रणय सिंह की पहल पर शहर में आधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू हो गया है, जहां सप्ताह के सातों दिन रविवार से शनिवार तक आधार से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
यह नया आधार सेवा केंद्र मैदा मिल के सामने, चांडी चौराहे के पास, अमांपुर रोड, कासगंज में स्थापित किया गया है। यह स्थान के.ए. डिग्री कॉलेज से आगे अमांपुर रोड पर स्थित है, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
जिले में लंबे समय से आधार कार्ड बनवाने और उसमें नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर तथा बायोमेट्रिक अपडेट कराने के लिए लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सीमित केंद्र होने के कारण बैंक और डाकघरों में सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती थीं। कई बार लोगों का पूरा दिन इंतजार में बीत जाता था, इसके बावजूद उनका काम नहीं हो पाता था। कुछ स्थानों पर अवैध वसूली की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
स्थिति यह थी कि आधार संबंधी कार्य समय पर नहीं होने पर लोगों को एटा, अलीगढ़, बदायूं सहित दूसरे जिलों के आधार सेवा केंद्रों का सहारा लेना पड़ता था। वहां भी अत्यधिक भीड़ के कारण घंटों इंतजार करना पड़ता था। इससे लोगों का समय और अतिरिक्त धन दोनों खर्च होते थे।
जिलेवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी की पहल पर शहर के मैदा मिल के सामने, चांडी चौराहे के पास, अमांपुर रोड पर आधुनिक आधार सेवा केंद्र स्थापित किया गया है। इस केंद्र पर नया आधार कार्ड बनवाने, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट, बच्चों का आधार नामांकन तथा आधार से जुड़े अन्य सभी प्रमुख कार्य एक ही स्थान पर किए जाएंगे।
आधार सेवा केंद्र के ऑपरेशन मैनेजर भुवनेश उपाध्याय ने बताया कि केंद्र सप्ताह के सातों दिन (रविवार से शनिवार) सुबह 09:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक संचालित रहेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जिससे लोगों के आधार संबंधी कार्य पारदर्शी, सुरक्षित, गोपनीय, सरल और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से बैंक और डाकघरों पर लगने वाली भीड़ कम होगी। साथ ही दूसरे जिलों तक जाने की मजबूरी भी समाप्त होगी। इससे जिले के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आधार संबंधी सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक, सुगम और सुलभ हो सकेंगी।