जागरण टुडे, मथुरा।
'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' महाअभियान के तहत रविवार को वृंदावन के 11 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। पूरे परिक्रमा मार्ग को 11 जोन में विभाजित कर प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस, संत समाज, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान किया। अभियान का उद्देश्य ब्रज को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाना तथा श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
अभियान में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर और कूड़ा उठाकर श्रमदान किया। अधिकारियों ने विभिन्न सेक्टरों की जिम्मेदारी संभालते हुए सुबह आठ बजे से 11 बजे तक अभियान में भाग लिया।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने परिक्रमा मार्ग स्थित दुकानदारों, होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों से स्वच्छता बनाए रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित साफ-सफाई रखने का भी आह्वान किया।
महाअभियान में हार्टफुलनेस फाउंडेशन, उज्ज्वल ब्रज, नगर निगम, संत समाज, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता संबंधी पत्रक वितरित किए तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया। अभियान के दौरान प्लास्टिक मुक्त वातावरण और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया।
सफाई अभियान में जीएलए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल, कुलपति डॉ. अनूप गुप्ता, रजिस्ट्रार ए.के. सिंह, केडी मेडिकल कॉलेज के एमडी मनोज अग्रवाल, उमा मोटर्स के निदेशक पवन चतुर्वेदी सहित कई शिक्षाविदों, उद्योगपतियों और समाजसेवियों ने भी विभिन्न सेक्टरों में श्रमदान किया।
इससे पहले वृंदावन स्थित गीता शोध संस्थान के ओपन एयर थिएटर में हार्टफुलनेस फाउंडेशन के तत्वावधान में ध्यान शिविर एवं आध्यात्मिक परिचर्चा का आयोजन हुआ। इस दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि ब्रज की स्वच्छता केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का व्यापक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जब संत समाज, प्रशासन, सामाजिक संस्थाएं और आम नागरिक मिलकर कार्य करेंगे, तभी ब्रज का प्राकृतिक और आध्यात्मिक वैभव सुरक्षित रह सकेगा। उन्होंने अभियान में सहयोग करने वाले सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए स्वच्छ, सुंदर और पवित्र ब्रज के निर्माण का संकल्प दोहराया।