Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: दो माह में ही जवाब दे गई सीसी सड़क! जगह-जगह दरारें, गिट्टी निकलने से भड़का लोगों का गुस्सा

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 21, 2026

KASGANJ: दो माह में ही जवाब दे गई सीसी सड़क! जगह-जगह दरारें, गिट्टी निकलने से भड़का लोगों का गुस्सा

जागरण टुडे, कासगंज

रिपोर्ट: अनवर खान

सहावर। कस्बा सहावर के मोहल्ला नवी नगर में नगर पंचायत द्वारा लगभग दो माह पूर्व कराए गए सीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क निर्माण पूरा हुए अभी अधिक समय भी नहीं बीता कि जगह-जगह दरारें पड़ने लगी हैं और कई स्थानों से सड़क की ऊपरी परत उखड़कर गिट्टी बाहर निकल आई है। सड़क की बदहाल स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों में नगर पंचायत के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।


स्थानीय निवासियों का कहना है कि नई सड़क से लोगों को लंबे समय तक सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क की गुणवत्ता की पोल खुल गई। जगह-जगह सड़क टूटने लगी है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया। लोगों का आरोप है कि सरकारी धन खर्च होने के बावजूद गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं कराया गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है।

क्षतिग्रस्त सड़क के कारण राहगीरों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका है, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।

मोहल्ले के लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से सड़क निर्माण की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराए जाने, दोषी ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क का मानकों के अनुरूप पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाएगी और जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।

सड़क की गुणवत्ता को लेकर आवाज उठाने वालों में अफजल, हफीजा, मुशीर, तहजीब, मुन्ने पहलवान, रविंद्र, शिव, संजू, गोपाल, इंदरपाल, राजकुमार, विजय कुमार, मंसूर, लाल मोहम्मद, रियासत, अफजल, इकबाल, अकील, फिरोज सहित अनेक स्थानीय नागरिक शामिल हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.