Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: कांवड़ यात्रा में हुड़दंग पर सख्ती, डीजे, मांस बिक्री और स्टंट पर प्रशासन का कड़ा संदेश

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 21, 2026

KASGANJ: कांवड़ यात्रा में हुड़दंग पर सख्ती, डीजे, मांस बिक्री और स्टंट पर प्रशासन का कड़ा संदेश

सिढ़पुरा कोतवाली में शांति समिति की बैठक, सीओ अमित कुमार बोले— कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

सिढ़पुरा। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने की, जबकि कोतवाली प्रभारी रंजीत कुमार सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी लोगों से प्रशासन का सहयोग करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की अपील की।

बैठक में मीट विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि खुले या सार्वजनिक स्थानों पर मांस की बिक्री न करें। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर यात्रा के दिन अंडे एवं मांस की दुकानें पूरी तरह बंद रखने के निर्देश भी दिए गए।

डीजे संचालकों को भी सख्त हिदायत दी गई कि वाहनों पर निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई तक साउंड बॉक्स नहीं लगाए जाएं तथा ध्वनि की तीव्रता शासन द्वारा निर्धारित सीमा के अनुरूप ही रखी जाए। अधिकारियों ने कहा कि डीजे वाहनों की छत या केबिन पर बैठकर किसी भी प्रकार का हुड़दंग, स्टंट अथवा खतरनाक प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। इसके अलावा भड़काऊ, अश्लील या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गीत बजाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्थिति में कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में चेयरमैन प्रतिनिधि सम्मी कपूर गुप्ता, राजू शाक्य, विनीत शाक्य, आलोक उपाध्याय, वाहिद अली, राम प्रसाद, अशोक गुप्ता, ताहिर हुसैन, सुरेंद्र यादव, शाहबाज हुसैन, रबी शाक्य, सोहिल कुरैशी, तौहीद कुरैशी, सोमू सैफी, मुफीद कुरैशी, मोदी कुरैशी सहित कस्बे एवं ग्रामीण क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कांवड़ यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.