Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: कांग्रेस का किसानों-छात्रों के समर्थन में तहसील पर प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 22, 2026

KASGANJ: कांग्रेस का किसानों-छात्रों के समर्थन में तहसील पर प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

यूरिया-डीएपी की उपलब्धता, स्मार्ट मीटर, बढ़े बिजली बिलों की जांच और छात्रों पर लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई की उठाई मांग

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को सदर तहसील परिसर मे किसानों, छात्रों और आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन के माध्यम से सौंपा। कांग्रेस ने खरीफ सीजन में किसानों को यूरिया एवं डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, स्मार्ट मीटरों से बढ़े बिजली बिलों की जांच, तहसीलों में राजस्व सेवाओं में अनियमितताओं पर रोक तथा दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।


प्रदर्शन से पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज पाण्डेय और एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष दीपक धनगर को पुलिस ने उनके आवास पर नजरबंद कर दिल्ली और लखनऊ जाने से रोक दिया। बाद में कांग्रेस नेताओं के ज्ञापन सौंपने की बात कहने पर पुलिस सुरक्षा के बीच दोनों नेताओं को तहसील ले जाया गया, जहां प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपा गया।


जिलाध्यक्ष मनोज पाण्डेय ने कहा कि धान सहित खरीफ फसलों की बुवाई के समय किसानों को खाद की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन जनपद समेत प्रदेश के कई हिस्सों में यूरिया और डीएपी की कमी से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि खाद लेने के लिए किसानों को लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। कांग्रेस ने स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराकर उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

ज्ञापन में तहसीलों में खतौनी, हिस्सा प्रमाण पत्र एवं अन्य राजस्व सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क का सख्ती से पालन कराने, अतिरिक्त वसूली पर रोक लगाने तथा हाल ही में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी की गई। कांग्रेस ने राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग दोहराई। नेताओं ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस दौरान एआईसीसी सदस्य मुनेन्द्र पाल सिंह राजपूत ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान आज गंभीर संकट से गुजर रहा है। समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने और फसलों का उचित मूल्य न मिलने से उसकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसीलों में खतौनी, हिस्सा प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक धन वसूला जा रहा है, जिससे किसानों और आम नागरिकों का आर्थिक शोषण हो रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने किसानों, छात्रों और आम जनता से जुड़े सभी मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई कर राहत उपलब्ध कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान सत्यप्रकाश गुप्ता, अलीहसन, अमित कुमार भैय्यू, दीपक धनगर, अमित पाठक, नूर मोहम्मद नूरी, अमरदीन अंसारी, राजकपूर, गुलफाम सिंह, झम्मन सिंह, सुशील शर्मा, प्रतिभा सिंह, ऊषा पाल, अर्चिका मिश्रा, सोनी, दीपू पाण्डेय, अभिषेक दुबे, राजा सलमानी, सलीम सैफी, विमल कुमार सिंह, चमन मियां, आकाश, अखिलेश पाल, वीरेंद्र यादव, चरण सिंह, नीटू पंडित, दिनेश मिश्रा, चमन टेलर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.