गोदाम खोलने के आधार और प्रक्रिया को लेकर लोगों में चर्चा, प्रशासन की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण
जागरण टूडे, राहुल गुप्ता, पटियाली, कासगंज।
जनपद के पटियाली कस्बे के गंज रोड स्थित एक बड़े तंबाकू व्यापारी के गोदाम को प्रशासन द्वारा सील किए जाने के बाद अगले ही दिन उसके दोबारा खुल जाने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। गोदाम को पहले सील किए जाने और फिर अल्प समय में खोले जाने की प्रक्रिया को लेकर लोग प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार गोदाम को एडीएम के निर्देश पर सील किया गया था। हालांकि, अगले ही दिन गोदाम खुलने की सूचना मिलने पर लोगों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। लोगों का कहना है कि यदि गोदाम में कोई अनियमितता नहीं पाई गई थी तो उसे सील करने की आवश्यकता क्यों पड़ी, और यदि अनियमितताएं थीं तो बिना सार्वजनिक जानकारी और स्पष्ट आदेश के इतनी जल्दी सील कैसे हटाई गई।
मामले को लेकर क्षेत्र में पारदर्शिता की मांग उठ रही है। लोग जानना चाहते हैं कि गोदाम खोलने का आदेश किस अधिकारी द्वारा और किन तथ्यों के आधार पर दिया गया। साथ ही यह भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या गोदाम खोलने से पहले सभी आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक औपचारिकताओं का पालन किया गया।
इस पूरे प्रकरण को लेकर कुछ स्थानीय लोगों ने एसडीएम आतिश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, इस मामले में प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान या स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। ऐसे में गोदाम को सील करने और फिर खोलने की वास्तविक वजह स्पष्ट न होने से लोगों में संशय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की ओर हैं कि वह इस मामले में तथ्य स्पष्ट कर स्थिति साफ करता है या नहीं।