जागरण टुडे, एटा।
कोतवाली नगर पुलिस ने पत्नी की हत्या कर शव नहर में फेंकने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए सेना के एक जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिम्मतपुर काकामई बादामपुर गांव निवासी रमाकांत के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार कर एटा लाया है। मामले में पुलिस आरोपी की निशानदेही पर शव की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, रमाकांत और उसकी पत्नी सोनी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के दौरान रमाकांत ने पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया। वारदात के बाद आरोपी वापस अपनी ड्यूटी पर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी चला गया था।
इधर, सोनी के अचानक लापता होने पर उसके मायके पक्ष ने कोतवाली नगर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उसके बताए गए स्थान के आधार पर पुलिस और संबंधित टीमें हजारा नहर में शव की तलाश कर रही हैं। साथ ही मामले में आरोपी के एक दोस्त की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है कि वारदात के बाद शव को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद तो नहीं की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव की बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार अन्य आरोपियों की भूमिका भी तय की जाएगी।