जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट कासगंज एवं सीआईबी कासगंज की संयुक्त टीम ने 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे की संपत्ति चोरी कर ले जा रहे तीन शातिर चोरों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई रेल सामग्री और उसे ढोने में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया है, जबकि गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मिथुन सोनी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त मोहम्मद असलम के निर्देशन में रेल संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 23 जुलाई को आरपीएफ व सीआईबी की संयुक्त टीम ने राज कोल्ड स्टोरेज के पास घेराबंदी की। इस दौरान ई-रिक्शा (यूपी-87 एटी-2768) में चोरी की गई रेलवे की संपत्ति ले जाते हुए तीन आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजाहिद पुत्र गुततन निवासी हुड़का मोहल्ला, शेर सिंह उर्फ भोला पुत्र स्व. सुरेंद्र पाल सिंह निवासी माल गोदाम रोड तथा राजन पुत्र स्व. सुशील कुमार निवासी जय जयराम, थाना कासगंज के रूप में हुई है। वहीं राजेंद्र उर्फ रावी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे की लत पूरी करने के लिए रेलवे की संपत्ति चोरी कर उसे कबाड़ियों को बेच देते थे।
संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक रेलवे गार्डर तथा रेल लाइन के तीन टुकड़े बरामद किए हैं। इनकी लंबाई क्रमशः 17, 5, 6 और 7 फीट है तथा बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। चोरी में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
इस मामले में रेल संपत्ति अधिनियम की धारा 3 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना आरपीएफ उपनिरीक्षक गुलाब सिंह राना कर रहे हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गुलाब सिंह राना, कांस्टेबल विश्राम मीना, हेड कांस्टेबल धारा सिंह मीना तथा सीआईबी कासगंज के कांस्टेबल सुभाष चंद्र शामिल रहे।