Tuesday, July 28, 2026

KASGANJ: दो पक्षों के बीच मारपीट-पथराव, तीन घायल; डीएम-एसपी मौके पर पहुंचे, बाबा साहेब की प्रतिमा तत्काल कराई साफ

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 25, 2026

KASGANJ: दो पक्षों के बीच मारपीट-पथराव, तीन घायल; डीएम-एसपी मौके पर पहुंचे, बाबा साहेब की प्रतिमा तत्काल कराई साफ

जागरण टुडे, कासगंज

जनपद के अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव आनंदपुर में शुक्रवार देर शाम दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और पथराव हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह भी मौके पर पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।


पुलिस के अनुसार, जब पुलिस टीम गांव पहुंची तो दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर रहे थे। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को शांत कराया।

मारपीट की इस घटना में दोनों पक्षों के कुल तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी घायल को गंभीर चोट नहीं आई है।


इसी बीच सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि आनंदपुर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित सामंती नगला गांव में स्थापित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धूल अथवा कोई अन्य वस्तु फेंक दी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह तत्काल वहां पहुंचे और प्रतिमा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों के निर्देश पर प्रतिमा को तुरंत साफ कराया गया, ताकि किसी प्रकार का तनाव या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस ने घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर अमांपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं, बाबा साहेब की प्रतिमा पर धूल अथवा अन्य वस्तु फेंकने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान और पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने बताया कि फिलहाल गांव में पूरी तरह शांति है और स्थिति सामान्य बनी हुई है। एहतियातन पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा पूरे क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.