जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में शनिवार को आजाद समाज पार्टी (काशीराम) ने कासगंज में जोरदार प्रदर्शन किया। सोरों गेट चौकी के समीप स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में पार्टी कार्यकर्ता एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद जिलाध्यक्ष विशाल कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम को सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में धांधली और भ्रष्टाचार के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। युवाओं की वर्षों की मेहनत पर पानी फिर रहा है और उनका सरकारी भर्ती प्रक्रिया से भरोसा उठता जा रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि हाल के वर्षों में हुई सभी संदिग्ध प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए। पेपर लीक और भर्ती घोटालों में शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों, माफियाओं और गिरोहों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनकी संपत्तियां जब्त की जाएं। साथ ही ऐसे अपराधों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान लागू किया जाए।
पार्टी ने परीक्षा केंद्रों पर आधुनिक तकनीक आधारित सुरक्षा व्यवस्था लागू करने, डिजिटल मॉनिटरिंग, बायोमैट्रिक सत्यापन और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली विकसित करने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में NEET, JEE Main सहित सभी सरकारी भर्ती एवं प्रवेश परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष बनाने, महिला अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने तथा जिन परीक्षाओं में धांधली सिद्ध हो चुकी है, उनके प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने और आवश्यक होने पर पुनः परीक्षा कराने की मांग की गई।
आजाद समाज पार्टी ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, युवाओं के लिए रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने तथा भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाने की भी मांग रखी। जिलाध्यक्ष विशाल कुमार ने कहा कि यदि सरकार शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज बुलंद की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस रही पूरी तरह मुस्तैद
प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पहले से ही पूरी तरह अलर्ट रही। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोरों गेट चौकी क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी सदर आंचल चौहान एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जगदीश चंद्र राजपूत ने मौके पर मौजूद रहे।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।