जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। हजारों शिवभक्तों की सुविधा और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कादरगंज रोड स्थित तालाब के पास वर्षों से जमा कूड़े के विशाल ढेर को हटाने का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। पालिका की टीम जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की मदद से कूड़ा उठाकर नवादा स्थित डंपिंग ग्राउंड में पहुंचा रही है। अभियान अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
यह कार्रवाई जिलाधिकारी प्रणय सिंह के निर्देशों के अनुपालन में कराई जा रही है। अधिशासी अधिकारी अपर उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर के पर्यवेक्षण तथा स्वच्छता प्रभारी तसलीम अहमद की निगरानी में सफाई कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरा मार्ग स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित दिखाई दे।
कादरगंज रोड कांवड़ यात्रा का प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त और कांवड़िये गुजरते हैं। तालाब के किनारे वर्षों से जमा कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी बड़ी परेशानी बनी हुई थी। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी, जिससे इस मार्ग से गुजरना भी मुश्किल महसूस होता था। कांवड़ यात्रा के दौरान यही गंदगी आस्था के मार्ग पर सबसे बड़ी बाधा बन जाती थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने इस स्थान को प्राथमिकता में रखते हुए विशेष सफाई अभियान शुरू कराया।
नगर पालिका की टीम हटाए समस्त कूड़े को नवादा स्थित डंपिंग ग्राउंड में डलवा रही है, ताकि भविष्य में दोबारा इस स्थान पर गंदगी का अंबार न लगे और तालाब के आसपास का वातावरण स्वच्छ बना रहे।
नगर पालिका के प्रभारी अधिशासी अधिकारी अपर उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर का कहना है कि केवल कादरगंज रोड ही नहीं, बल्कि नगर के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों, शिवालयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नियमित कूड़ा उठान, नालियों की सफाई, चूना एवं दवा का छिड़काव सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी कराई जा रही हैं, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गौरतलब है कि कादरगंज रोड स्थित तालाब के पास वर्षों से जमा कूड़े का यह विशाल ढेर लंबे समय से स्थानीय लोगों और शिवभक्तों की परेशानी का कारण बना हुआ था।
हैरानी की बात यह रही कि इस गंभीर समस्या को किसी भी जनप्रतिनिधि ने प्रमुखता से नहीं उठाया। ऐसे में 'जागरण टुडे' ने इस जनहित के मुद्दे को लगातार प्रमुखता से प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। लगातार खबरें प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और अब कांवड़ यात्रा से पहले इस स्थान पर विशेष सफाई अभियान चलाकर वर्षों से जमा कूड़े के ढेर को हटाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पहल से न केवल कांवड़ियों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
वही नगर पालिका प्रशासन का उद्देश्य है कि गंजडुंडवारा से होकर गुजरने वाला प्रत्येक शिवभक्त स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में अपनी यात्रा पूरी करे। इसी लक्ष्य को लेकर पालिका यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।