Tuesday, July 28, 2026

Badaun News : 31 जुलाई तक करें नवोदय में प्रवेश के लिए आवेदन

लेखक: Vikas Srivastav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 26, 2026

Badaun News : 31 जुलाई तक करें नवोदय में प्रवेश के लिए आवेदन

जागरण टुडे,बदायूं 

बिसौली। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश पाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन का अंतिम चरण चल रहा है। नवोदय विद्यालय समिति द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा के लिए 9 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी, जो 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। ऐसे में पात्र छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों से समय रहते आवेदन पूरा करने की अपील की गई है, ताकि अंतिम तिथि के बाद किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जवाहर नवोदय विद्यालय सीकरी के प्राचार्य भगत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नवोदय विद्यालयों में चयनित विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ निशुल्क आवास, भोजन, पुस्तकें, वर्दी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इस प्रवेश परीक्षा में शामिल होते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा में वही छात्र-छात्राएं आवेदन करने के पात्र होंगे, जो शैक्षणिक सत्र 2026-27 में संबंधित जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5 में अध्ययनरत हैं। इसके अलावा अभ्यर्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से पहले तथा 31 जुलाई 2017 के बाद नहीं होनी चाहिए। निर्धारित आयु सीमा से बाहर के अभ्यर्थियों के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

प्राचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि जो विद्यार्थी पहले ही कक्षा 5 उत्तीर्ण कर चुके हैं या पूर्व में नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर चुके हैं, वे इस बार आवेदन करने के पात्र नहीं होंगे। समिति द्वारा निर्धारित सभी पात्रता शर्तों का पालन करना अनिवार्य है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि आवेदन करते समय छात्र के सभी दस्तावेज, जन्मतिथि, विद्यालय संबंधी जानकारी और अन्य विवरण सही ढंग से भरें, ताकि आवेदन निरस्त होने की स्थिति न बने। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं।

प्राचार्य भगत सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया, आवेदन से संबंधित दिशा-निर्देश, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभिभावक अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, जिससे तकनीकी समस्याओं या सर्वर संबंधी दिक्कतों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर आवेदन करने वाले पात्र विद्यार्थियों को ही प्रवेश परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.