सहावर(अनवर खान)। नगर के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सोमवार को तहसील परिसर पहुंचकर नवागंतुक उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सुशांत सांवरे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान व्यापारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा नवीन दायित्व संभालने पर शुभकामनाएं दीं।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष रामकुमार साहू ने कहा कि संगठन प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर नगर के विकास और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा सहयोग करता रहेगा। उन्होंने एसडीएम से व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर एसडीएम सुशांत सांवरे ने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।
शिष्टाचार भेंट के दौरान विधानसभा अध्यक्ष पवन वार्ष्णेय, महामंत्री मुहम्मद राशिद अंसारी, कोषाध्यक्ष शारिक मिर्जा, ऋषि कुमार वार्ष्णेय सहित व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।