जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के भकरी घाट पर बुधवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव गुलाबी नगला निवासी संजू पुत्र महाराज सिंह (27) बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे भकरी घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान करते समय वह अचानक गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में देखते ही देखते लापता हो गए। युवक के डूबते ही घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही सिकंदरपुर वैश्य थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ व्यापक स्तर पर सर्च अभियान शुरू कराया। गोताखोर लगातार गंगा के विभिन्न हिस्सों में युवक की तलाश कर रहे हैं, जबकि पुलिस अधिकारी पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही युवक के परिजन भी भकरी घाट पहुंच गए। नदी किनारे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद हैं और युवक के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार गंगा नदी में खोजबीन कर रही है। रेस्क्यू अभियान जारी है। युवक का पता चलते ही नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।