सहावर(अनवर खान)। कांवड़ यात्रा के दौरान कस्बे में बिगड़ने वाली यातायात व्यवस्था और जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी सुशांत सांवरे को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर बेहतर यातायात व्यवस्था कराने और आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष डॉ. भूदेव सिंह राजपूत ने बताया कि सावन माह में कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने से कस्बे में यातायात का दबाव काफी बढ़ जाता है। इसके चलते रेलवे रोड, बोदर रोड और मोहल्ला कुरैशी समेत कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन जाती है। उन्होंने बताया कि रेलवे रोड पर स्कूलों की छुट्टी के समय जाम लगने से छात्र-छात्राओं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
व्यापारियों ने कहा कि कई बार जाम इतना गंभीर हो जाता है कि एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी निकलने में दिक्कत होती है। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई कि कांवड़ यात्रा के दौरान कस्बे के अंदर टेंपो संचालन पर नियंत्रण लगाया जाए, प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए स्थायी समाधान किया जाए।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि बेहतर यातायात व्यवस्था से कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।
इस दौरान व्यापार मंडल उपाध्यक्ष मिर्जा प्यारे बेग, अवधेश वर्मा, नगर उपाध्यक्ष धनसिंह वर्मा, महामंत्री सोमेन वर्मा, युवा उपाध्यक्ष डॉ. संजीव शाक्य, विधानसभा अध्यक्ष गौरव वार्ष्णेय, सदस्य धर्मेंद्र चौधरी सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।