जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
श्रावण माह की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कासगंज प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह ने पुलिस, प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पूरे जनपद को 9 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो अपने-अपने क्षेत्र में व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करेंगे और किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटेंगे।
डीएम और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों के साथ हर स्तर पर सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार किया जाए। यात्रा मार्गों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग और डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, जबकि कांवड़ मार्गों से अवैध अतिक्रमण भी हटवा दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
प्रशासन ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी की व्यवस्था की है। अधिकारियों ने कहा कि अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए डायल-112, मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं स्थानीय संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने साफ-सुथरी छवि वाले लोगों को वालंटियर के रूप में जोड़ने के निर्देश भी दिए हैं।
कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले होटल, ढाबों, पेट्रोल पंपों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य शिविर, एंबुलेंस, पेयजल और अस्थायी शौचालयों की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने का आह्वान किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष तथा राजस्व, स्वास्थ्य, सिंचाई, नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।