जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कस्बा गंजडुंडवारा के मोहल्ला पूरब थोक निवासी 4 वर्षीय मासूम नबजुल, पुत्र चांद मियां, बुधवार दोपहर करीब तीन बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। मासूम के अचानक गायब होने से परिजनों में कोहराम मच गया था, जिससे पूरे मोहल्ले में चिंता का माहौल है। सूचना मिलने के बाद गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने बच्चे की तलाश के लिए व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाया।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार एवं कोतवाली प्रभारी राधेश्याम स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस बल के साथ पूरे इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के मकानों, गलियों और संभावित स्थानों की गहन तलाशी ली। बच्चे की तलाश में मकान के आसपास बने नालों में भी सर्च अभियान चलाया गया। जेसीबी मशीन की मदद से नालों की सफाई कराकर तलाशी ली गई, वहीं पुलिसकर्मी नालों में उतरकर भी बच्चे की तलाश करते रहे ताकि कोई भी संभावना नजरअंदाज न हो।
सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वाड की भी मदद ली। खोजी कुत्तों के माध्यम से बच्चे तक पहुंचने का प्रयास किया गया। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और पुलिस हर संभावित पहलू की जांच में जुटी है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मासूम का कोई सुराग नहीं लग सका था।
बच्चे के लापता होने की सूचना सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से भी तेजी से प्रसारित की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को 4 वर्षीय नबजुल के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल 9454403239 पर अथवा नजदीकी पुलिस को सूचना दें।
मासूम के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। पूरे कस्बे की निगाहें अब इस उम्मीद पर टिकी हैं कि मासूम जल्द सुरक्षित अपने परिवार के पास लौट आए।