Friday, July 31, 2026

कासगंज मे 25 हजार का इनामी अंर्तजनपदीय पशु चोर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: July 31, 2026

कासगंज मे 25 हजार का इनामी अंर्तजनपदीय पशु चोर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कासगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कासगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी और अंर्तजनपदीय पशु चोर रफीक बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।


पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान के नेतृत्व में थाना कासगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही थी। 30/31 जुलाई की रात पुलिस टीम हजारा नहर पटरी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर पशु चोर मोटरसाइकिल से ततारपुर की ओर आने वाला है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नहर पटरी के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक मोटरसाइकिल सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे काबू में लेकर जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत सामान्य है।

पूछताछ में उसकी पहचान रफीक बंजारा पुत्र अहमद बंजारा निवासी नदरई, थाना एवं जनपद कासगंज के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (काला-हरा रंग) बरामद हुई।

अलीगढ़ में 25 हजार का इनामी था बदमाश

पुलिस जांच में पता चला कि रफीक बंजारा अलीगढ़, एटा, आगरा, हाथरस और कासगंज सहित कई जनपदों में सक्रिय अंतरजनपदीय पशु चोर है। अलीगढ़ के थाना टप्पल में दर्ज मुकदमा संख्या 42/2026 और 54/2026 में वह 25 हजार रुपये का इनामी वांछित अपराधी था। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश कर रही थी।

ढाई दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज

रफीक बंजारा का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। उसके खिलाफ अलीगढ़, एटा, आगरा, हाथरस और कासगंज के विभिन्न थानों में करीब 30 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें पशु चोरी, गौवध अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से विभिन्न जिलों में पशु चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहा है।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कासगंज में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके गिरोह, सहयोगियों और अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र, स्वाट प्रभारी रितेश कुमार, उपनिरीक्षक अनुरुद्ध सिंह, उपनिरीक्षक रवि वर्मा, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल अश्वनी कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार, राजीव कुमार, कुशल कुमार, दीपक खोखर, शैलेन्द्र चौधरी तथा हिमांशु शर्मा की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की कार्रवाई की प्रशंसा करते हुए अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.