जागरण टुडे, मुरादाबाद।
जिले के परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। अब मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद और अन्य मनोवैज्ञानिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को केंद्र सरकार की 'टेली-मानस' (Tele-MANAS) हेल्पलाइन और मोबाइल ऐप के माध्यम से विशेषज्ञों की नि:शुल्क एवं गोपनीय काउंसलिंग उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में जिले के सभी विद्यालयों में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश जारी किए गए हैं।
यह पहल राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों तक समय पर विशेषज्ञ सहायता पहुंचाना है, ताकि वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्या साझा कर सकें और उचित परामर्श प्राप्त कर सकें।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ती शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा और बदलती जीवनशैली के कारण विद्यार्थियों में मानसिक दबाव तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर उनके अध्ययन के साथ-साथ शिक्षकों के कार्य निष्पादन और अभिभावकों की दिनचर्या पर भी पड़ता है। ऐसे में समय पर विशेषज्ञों की सलाह कई मानसिक समस्याओं को गंभीर होने से पहले ही नियंत्रित करने में मददगार साबित हो सकती है।
जिला समन्वयक तारा सिंह ने बताया कि 'टेली-मानस' सेवा के तहत नागरिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 अथवा 1800-89-14416 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा एंड्रॉयड और आईओएस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध Tele-MANAS मोबाइल ऐप डाउनलोड कर भी सीधे मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परामर्श लिया जा सकता है। यह सेवा पूरी तरह गोपनीय और नि:शुल्क है।
बीएसए कार्यालय ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक परिषदीय विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर इस सेवा की जानकारी प्रदर्शित की जाए। साथ ही शिक्षक-अभिभावक बैठकों और प्रार्थना सभाओं के माध्यम से भी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इसके प्रति जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता का लाभ उठा सकें।