जागरण टुडे, मथुरा।
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में वाराणसी से निकली पावन कलश यात्रा का शुक्रवार को मथुरा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। गोवर्धन चौराहे पर आयोजित स्वागत समारोह में पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों तथा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने यात्रा का अभिनंदन किया। इस दौरान संत रविदास महाराज के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया गया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव के नेतृत्व में पूर्व ऊर्जा मंत्री एवं मथुरा-वृंदावन विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा, महापौर विनोद अग्रवाल तथा विधान परिषद सदस्य ठाकुर ओमप्रकाश सिंह ने कलश यात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने कलश पूजन कर संत रविदास महाराज के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
विधायक पंडित श्रीकांत शर्मा ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और वाणी से सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार भेदभाव मिटाकर समाज को एकसूत्र में जोड़ने और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संत रविदास के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि संत रविदास महाराज का जीवन सेवा, समर्पण और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। उनकी शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारे और समानता की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कलश यात्रा नई पीढ़ी को संत रविदास के आदर्शों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि पार्टी संत महापुरुषों के विचारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कलश यात्रा को जन-जागरण अभियान के रूप में सफल बनाने और संत रविदास के समरसता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि वाराणसी से प्रारंभ हुई यह कलश यात्रा मथुरा महानगर के सभी 12 मंडलों में भ्रमण करेगी। यात्रा के दौरान सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश के प्रसार के लिए विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।