तहसील पटियाली में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी प्रणय सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित लोगों को राहत प्रदान की गई।
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास, स्वास्थ्य, विद्युत, नगर निकाय सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी और प्रभावी समाधान किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, उपजिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी न्यायिक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला परियोजना निदेशक, क्षेत्राधिकारी (सीओ), अधिशासी अधिकारी (ईओ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।