जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कस्बा गंजडुंडवारा के कादरगंज रोड स्थित तालाब के समीप लगा हाईटेंशन बिजली का खंभा तिरछा हो जाने से क्षेत्र में हादसे की आशंका गहरा गई है। यह मार्ग इन दिनों कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही का प्रमुख रास्ता भी है, जिससे स्थानीय लोगों और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार सुबह ही बिजली विभाग को खंभा तिरछा होने की सूचना दे दी गई थी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विभाग की ओर से न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा और न ही खंभे को सुरक्षित करने के लिए कोई कार्रवाई की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसे ठीक नहीं कराया गया तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने मामले को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन और विधुत विभाग से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस मार्ग से गुजर रहे हैं। ऐसे में तिरछा हाईटेंशन पोल कभी भी गिर सकता है, जिससे जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बिजली विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजकर खंभे को सुरक्षित कराया जाए तथा पूरे मार्ग पर लगे बिजली के पोल और लाइनों का भी निरीक्षण कराया जाए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं और आम राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।