जागरण टुडे, मथुरा।
"हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है" तथा "प्लास्टिक मुक्त-ब्रज की रज" महाअभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद के तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों से जुड़े 57 गांवों में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। ग्राम पंचायतों में "शनिवार का वार, स्वच्छता पर प्रहार" थीम के तहत श्रमदान, प्लास्टिक कचरा पृथक्करण और डोर-टू-डोर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान में विद्यार्थियों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पंचायत अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि अभियान के दौरान 2,445 विद्यार्थियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। वहीं 5,673 परिवारों से घरों में कचरा पृथक्करण और स्वच्छता बनाए रखने के लिए सहमति पत्र भरवाए गए। इसके अलावा 3,894 परिवारों ने प्लास्टिक कचरे का अलग-अलग संग्रह शुरू कर दिया है। ग्राम पंचायतों द्वारा अब तक 1,892 किलोग्राम प्लास्टिक अपशिष्ट खरीदकर उसे पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) के लिए भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया कि माट राजा, माट मूला, महावन बांगर, नौहझील, सुरीर कला और सुरीर बिजऊ सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता दिवस मनाया गया। ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) और सफाई कर्मचारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थलों एवं मार्गों की सफाई की तथा लोगों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने और स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विकास खंड नौहझील में ग्राम प्रधान प्रशांत, पंचायत सचिव अमित कुमार और डिस्ट्रिक्ट कंसल्टेंट पवन कुमार ने अभियान का नेतृत्व किया। वहीं सुरीर कला विकास खंड में पंचायत सचिव केशव देव, ग्राम प्रधान प्रियंका सिंह, प्रधान प्रतिनिधि गिर्राज सिंह तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सतीश चंद्र शर्मा की मौजूदगी में स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ब्रज की पावन भूमि को स्वच्छ, निर्मल और प्लास्टिक मुक्त बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने, घर-घर कचरा पृथक्करण अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।