जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद कासगंज पुलिस ने जनशिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में प्रदेशभर में अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री द्वारा संचालित आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवेंस रिड्रेसल सिस्टम) पोर्टल की जुलाई 2026 की रैंकिंग में कासगंज पुलिस ने 125 में से पूरे 125 अंक अर्जित करते हुए उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के प्रभावी नेतृत्व, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण तथा सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की सतत निगरानी और टीमवर्क का परिणाम मानी जा रही है। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित किए जाने से कासगंज पुलिस को यह गौरव हासिल हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने इस सफलता पर जनपद के सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य में भी प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की डोर और मजबूत हो।
आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की पुलिस अधीक्षक स्वयं समय-समय पर समीक्षा करते रहे। समीक्षा के दौरान सामने आई कमियों को दूर कर कार्यप्रणाली में लगातार सुधार किया गया। इसके साथ ही आईजीआरएस सेल, सर्किल कार्यालयों और थानों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया गया। इसी सतत प्रयास का परिणाम रहा कि कासगंज पुलिस ने प्रदेश की आईजीआरएस रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया।