जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। कादरगंज रोड स्थित तालाब के पास झुके हाईटेंशन बिजली के खंभे को लेकर जागरण टुडे द्वारा प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए जाने और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी द्वारा जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठाए जाने के बाद बिजली विभाग हरकत में आ गया। विभाग ने मौके पर पहुंचकर झुके हुए हाईटेंशन पोल की जगह नया खंभा लगाने का कार्य शुरू करा दिया।
गौरतलब है कि कादरगंज रोड पर लगा हाईटेंशन बिजली का खंभा काफी झुक गया था। यह मार्ग कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा बना हुआ था। सूचना दिए जाने के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी थी।
इस मामले को जागरण टुडे ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने भी जिला प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल संज्ञान लेकर खंभे को बदलने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।
खबर प्रकाशित होने और मांग उठने के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा पुराने और झुके हुए हाईटेंशन पोल को हटाकर उसकी जगह नया खंभा लगाने का कार्य शुरू कर दिया। इससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासन और विभाग समय रहते कार्रवाई करेगा।