जागरण टुडे में खबर प्रकाशित होने और स्थानीय विरोध के बाद बदली रणनीति, एसडीएम के सख्त रुख के बाद संबंधित अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण मरम्मत के निर्देश
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा को लेकर एटा रोड की जर्जर सड़क का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। जागरण टुडे द्वारा सड़क की बदहाली को प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा हरकत में आई और गड्ढों को भरने का कार्य शुरू कराया गया। हालांकि उक्त कार्यप्रणाली पर सवाल उठा जागरण टुडे द्वारा गड्ढों में पीली मिट्टी डाले जाने की पुनः प्रकाशित खबर का संज्ञान एवं स्थानीय लोगों और भाजपा पदाधिकारियों के बढ़ते विरोध और जनभावनाओं को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। प्रभारी अधिशासी अधिकारी अपर उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर स्वयं मौके पर पहुंचे, पूरे मार्ग का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य की रणनीति बदलते हुए गुणवत्तापूर्ण मरम्मत के निर्देश जारी किए।
गौरतलब है कि जागरण टुडे ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था कि पटियाली के कादरगंज गंगा घाट से हजारों शिवभक्त गंगाजल लेकर एटा रोड से होकर गुजरते हैं, लेकिन सड़क पर बने गहरे गड्ढे, उखड़ी हुई डामर और जर्जर मार्ग श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। खबर में यह सवाल भी उठाया गया था कि गड्ढा मुक्ति अभियान के नाम पर समय-समय पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद सड़क की स्थिति बार-बार बदहाल क्यों हो जाती है और स्थायी समाधान क्यों नहीं निकल पा रहा है।
समाचार प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका परिषद ने गड्ढों में पीली मिट्टी डालकर उन्हें भरने का कार्य शुरू कराया था। लेकिन स्थानीय निवासी पंकज गुप्ता एवं रोहताश ने आशंका जताई कि बारिश होने पर यही मिट्टी कीचड़ में बदल जाएगी, वही यह आशंका भाजपा पदाधिकारियो ने भी जताई। उनका कहना था कि कांवड़ यात्रा के दौरान नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं के फिसलने का खतरा बढ़ जाएगा। भाजपा पदाधिकारियों ने भी इस व्यवस्था का विरोध करते हुए टिकाऊ मरम्मत की मांग उठाई।
एसडीएम का सख्त रुख, मौके पर दिए कार्रवाई के निर्देश
विरोध और उठे सवालों के बाद प्रभारी अधिशासी अधिकारी अपर उपजिलाधिकारी मोहम्मद नासिर स्वयं एटा रोड पहुंचे और पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गड्ढों में डाली गई मिट्टी पर नाराजगी जताते हुए स्वच्छता प्रभारी तसलीम अहमद को तत्काल मिट्टी हटवाकर सड़क की सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका के अवर अभियंता (जेई) हेमंत कुमार को निर्देशित किया कि गड्ढों की सीमेंट व कंक्रीट मिश्रण से गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ मरम्मत कराने की कार्ययोजना तत्काल तैयार कर कार्य शुरू कराया जाए।
एसडीएम मोहम्मद नासिर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मरम्मत कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं कार्यों की निगरानी करेंगे और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
प्रभारी ईओ मोहम्मद नासिर ने बताया कि उन्होंने शुरुआत से ही गड्ढों को रविश से भरने के निर्देश दिए थे, लेकिन मौके पर मिट्टी डाले जाने की जानकारी मिलने के बाद कार्य तत्काल रुकवाया गया। अब निरीक्षण के बाद मिट्टी हटाकर सीमेंट-कंक्रीट से टिकाऊ मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एटा रोड के स्थायी निर्माण का प्रस्ताव पहले ही अनुमोदन के लिए भेजा जा चुका है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यदि निर्देशों का समयबद्ध पालन होता है तो कांवड़ यात्रा के दौरान हजारों शिवभक्तों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। लोगों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े इतने महत्वपूर्ण मार्ग पर अस्थायी व्यवस्थाओं के बजाय गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता होना चाहिए।