जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की जीत का जश्न सोमवार को कासगंज स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में भी उत्साह के साथ मनाया गया। जीत की सूचना मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शीर्ष नेतृत्व को बधाई दी।
जिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि दतिया की जनता ने विकास, जनसरोकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने इस जीत को कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत का परिणाम बताया। नेताओं ने कहा कि जनता का बढ़ता विश्वास इस बात का संकेत है कि कांग्रेस आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही है।
कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में कांग्रेस देश और विभिन्न राज्यों में और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। साथ ही संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी दोहराया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज पाण्डेय, कंट्रोल रूम प्रभारी एवं महासचिव विमल कुमार सिंह, प्रतिभा सिंह, दीप कुमार पाण्डेय, गुलफान सिंह यादव, डॉ. देशबंधु बघेल, राजा सलमानी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान जिला कांग्रेस कार्यालय में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।