जागरण टुडे, मथुरा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने वृंदावन क्षेत्र में मिलावटी एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4,100 किलोग्राम पेड़ा और मिल्क केक नष्ट कराया। कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी मथुरा के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के निर्देशन में गठित खाद्य सचल दल ने नियर बसेरा, बैकुंठ, मायावती फ्लैट सेक्टर-3, वृंदावन स्थित विष्णु अग्रवाल के मकान पर छापेमारी की। यहां बड़ी मात्रा में पेड़ा और मिल्क केक अवैध रूप से भंडारित मिला। जांच के दौरान पेड़ा के चार तथा मिल्क केक का एक नमूना लिया गया। निरीक्षण में पाया गया कि खाद्य पदार्थ अत्यंत अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखे गए थे तथा बोरों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अनुसार आवश्यक विवरण अंकित नहीं था। इसके चलते लगभग 4,000 किलोग्राम पेड़ा और 100 किलोग्राम मिल्क केक, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.15 लाख रुपये थी, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
इसके बाद टीम ने गांव सुनरख बांगर, वृंदावन में शिशुपाल उर्फ सतपाल के यहां छापेमारी की। यहां से पेड़ा, मिल्क केक और खोआ के एक-एक नमूने लिए गए। साथ ही अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा लगभग 100 किलोग्राम पेड़ा, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपये आंकी गई, नष्ट कराया गया।
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह ने बलदेव स्थित हरपाल बाबा पेड़े वाले प्रतिष्ठान से घेवर का एक नमूना भी संग्रहित किया। अभियान के दौरान कुल नौ खाद्य नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।