जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
पटियाली। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को उप जिलाधिकारी आतिश कुमार सिंह ने नायब तहसीलदार मुकेश कुमार के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वर्तमान में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पानी का स्तर कुछ कम हुआ है, लेकिन आगामी एक-दो दिनों में बैराजों से पानी छोड़े जाने की संभावना के मद्देनजर लोगों को जलस्तर बढ़ने के प्रति पहले से ही अवगत कराया गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
बाढ़ प्रभावित गांव मूजखेड़ा एवं नगला जय किशन में पशुपालन विभाग द्वारा पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार की व्यवस्था की गई। वहीं, ग्राम मूजखेड़ा में ब्लॉक प्रशासन की ओर से संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया।
इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बाढ़ से क्षतिग्रस्त राजेपुर-कुर्रा मार्ग पर कटे हुए हिस्से की मरम्मत कर आवागमन को सुचारु बनाने का कार्य कराया गया। प्रशासन ने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सभी संबंधित विभागों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।