जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
सिढ़पुरा। थाना क्षेत्र के गांव दामरी में शनिवार देर रात दर्दनाक हादसे में छत से गिरकर 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक रात में छत पर सो रहा था। नींद में अचानक पैर फिसलने से वह छत से नीचे जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
रविवार सुबह मृतक के पिता राजवीर ने जब घर के नीचे देखा तो उनका पुत्र रिंकू मृत अवस्था में पड़ा मिला। बेटे का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिंकू दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई जिनेश है। मृतक के परिवार में पत्नी संगीता के अलावा दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा लव और छोटा बेटा हर्ष है। रिंकू की अचानक मौत से दोनों मासूम बेटों के सिर से पिता का साया उठ गया।
हादसे के बाद मृतक की मां गुड्डो देवी और पत्नी संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों को ढांढस बंधाने के लिए ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।