जागरण टुडे, मथुरा।
जिले में सोमवार से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान शुरू हो गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा बल्लभ के मार्गदर्शन में उच्च प्राथमिक विद्यालय महावन, विकासखंड बलदेव में अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई।
अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी, सहायता प्राप्त व निजी विद्यालयों, मदरसों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि मुक्ति की दवा खिलाई गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से बच्चों को निर्धारित अभियान के दौरान दवा जरूर खिलाने की अपील की।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि एक से 19 वर्ष तक की उम्र के बच्चों और किशोर-किशोरियों में कृमि संक्रमण की आशंका रहती है। पेट में मौजूद कृमि शरीर के पोषक तत्वों का उपयोग करते हैं, जिससे बच्चों में कुपोषण की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि कृमि मुक्ति अभियान बच्चों को स्वस्थ रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिला सामुदायिक प्रक्रिया समन्वयक डॉ. पारुल शर्मा ने बताया कि अभियान में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और विद्यालयों का सहयोग लिया जा रहा है। एक से पांच वर्ष तक के पंजीकृत बच्चों, छह से 19 वर्ष तक के स्कूल न जाने वाले बच्चों, ईंट-भट्ठों पर कार्य करने वाले तथा घुमंतू लाभार्थियों को आंगनबाड़ी केंद्रों पर दवा खिलाई जाएगी। वहीं सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों तथा मदरसों में शिक्षकों के माध्यम से छह से 19 वर्ष तक के बच्चों को दवा दी जाएगी।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी ने बताया कि 14 अगस्त को मॉप-अप राउंड आयोजित किया जाएगा। इसमें 10 अगस्त को अनुपस्थित रहने या किसी अन्य कारण से दवा खाने से वंचित रह गए बच्चों को चिह्नित कर दवा खिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. वीएस सिसोदिया, चिकित्सा अधीक्षक बलदेव, विवेक कुमार, बीपीएम बलदेव, प्रधानाचार्य ज्योति दीक्षित समेत विद्यालय के शिक्षक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।