जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा की बहुप्रतीक्षित बोर्ड बैठक 17 अगस्त को अपराह्न 3:00 बजे नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में आयोजित होगी। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष मुनब्बर हुसैन करेंगे, जबकि उपजिलाधिकारी/अधिशासी अधिकारी मोहम्मद नासिर की ओर से बैठक की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बैठक में वर्ष 2026 की लाइसेंसिंग एवं अन्य शुल्क संबंधी नियमावली पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा फीकल स्लज, सेप्टेज एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन (FSSWM) उपविधि-2026 को भी बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। यदि बोर्ड इस उपविधि को मंजूरी देता है तो नगर क्षेत्र में सेप्टिक टैंकों की सफाई, मल-मिश्रित अपशिष्ट के सुरक्षित निस्तारण तथा इससे संबंधित शुल्क एवं व्यवस्था के लिए नई व्यवस्था लागू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।
बैठक के एजेंडे में तीसरे बिंदु के रूप में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य प्रस्तावों पर भी विचार किया जाएगा। ऐसे में नगर के विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिए जाने की संभावना है।
नगर पालिका की इस बोर्ड बैठक पर जनप्रतिनिधियों, सभासदों और नगरवासियों की निगाहें टिकी हैं, क्योंकि इसमें लिए जाने वाले निर्णयों का सीधा असर नगर की स्वच्छता व्यवस्था, राजस्व व्यवस्था और विकास कार्यों पर पड़ सकता है।