हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक बांध निर्माण की मांग, फसल मुआवजा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने बुधवार को पटियाली विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने नरपत नगला, हंसी नगला, मूंजखेड़ा और दुर्जन नगला पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी ली।
सबसे अधिक प्रभावित मूंजखेड़ा गांव में ग्रामीणों ने फसल बर्बाद होने, जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियों की समस्या बताई। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से पानी भरा होने के कारण मच्छर और कीटों का प्रकोप बढ़ रहा है। इससे ग्रामीणों के साथ पशुओं के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक मजबूत बांध का निर्माण कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। उनका कहना था कि हर वर्ष गंगा की बाढ़ से क्षेत्र में तबाही होती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका है। इसके अलावा किसानों को फसल का उचित मुआवजा, गांवों में स्वास्थ्य टीमों का नियमित भ्रमण, दवा का छिड़काव तथा क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग भी रखी गई।
अब्दुल हफीज गांधी ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को पहले भी शासन-प्रशासन के समक्ष उठाया गया है। अब एक बार फिर इन मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ शासन-प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ हर साल आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। हंसी नगला से राजेपुर कुर्रा तक बांध का निर्माण अब केवल मांग नहीं, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा और किसानों के भविष्य से जुड़ा सवाल है।
इस दौरान उर्वेश यादव, असलम खान, रुकुम सिंह, राकेश कुमार, आराम सिंह, मौजीराम, भूपेंद्र सिंह, हृदेश सिंह सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।