एसपी ओपी सिंह के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा में उमड़ा देशभक्ति का जोश, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
स्वतंत्रता दिवस एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को कासगंज शहर में पुलिस के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में पुलिसकर्मियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन, व्यापारी और शहर के प्रतिष्ठित लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गूंजता रहा।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सोरों गेट से हुआ। इसके बाद यात्रा बारहद्वारी घंटाघर, गांधी मूर्ति, प्रभु पार्क, बस स्टैंड और विलराम गेट होते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। कासगंज पुलिस आमजन के साथ मिलकर राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव संकल्पबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर आंचल चौहान, थाना प्रभारी कासगंज जगदीश चंद्र, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रहरी तथा बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।