सहावर, अनवर खान। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कस्बा स्थित एमएफआर जूनियर पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मुहीद आलम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के वीर सपूतों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अध्यापक समीर अंसारी, नसीमुद्दीन अंसारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक मौजूद रहे।