प्रभारी ईओ एवं एसडीएम मोहम्मद नासिर के नेतृत्व में निकली यात्रा, पालिकाध्यक्ष समेत पालिका कर्मियों ने लिया हिस्सा
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा की ओर से गुरुवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रभारी अधिशासी अधिकारी एवं एसडीएम मोहम्मद नासिर के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा में नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा नगर पालिका परिसर से शुरू होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में शामिल लोगों के हाथों में लहराते तिरंगे आकर्षण का केंद्र रहे। रास्ते भर देशभक्ति के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों एवं शहीदों को याद करते हुए राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
प्रभारी अधिशासी अधिकारी एसडीएम मोहम्मद नासिर ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके त्याग के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और मजबूत करना है।
तिरंगा यात्रा के दौरान नगर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरते हुए लोगों से स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय पर्व के रूप में उत्साह और गरिमा के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया गया।
पालिकाध्यक्ष मुनब्बर हुसैन ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। इस तरह के आयोजनों से नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है और उन्हें स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष की जानकारी मिलती है। यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया और पूरे मार्ग पर राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा।
तिरंगा यात्रा में पालिकाध्यक्ष मुनब्बर हुसैन, अजहर हुसैन, सुमित विजयवर्गीय, तसलीम अहमद, नरेश पाल, तारिक महमूद, शिवम, वसीम, याकूब, गुड्डू, अरुण द्विवेदी सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।