राधा डेयरी पर खाद्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई; नमूना जांच के लिए भेजा
जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए सलेमपुर बीबी रोड स्थित अशोक नगर की राधा डेयरी पर करीब 200 किलोग्राम खराब एवं दुर्गंधयुक्त पनीर पकड़ा। खाद्य विभाग के अनुसार यह पनीर मानव बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। टीम ने मौके पर ही शेष पनीर को नष्ट करा दिया, जबकि एक नमूना जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
जिलाधिकारी कासगंज के निर्देश पर की गई कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-II कुलदीप सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आनंद कुमार देव के नेतृत्व में की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रतिमा त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलीगढ़ की ओर से नकली पनीर की एक गाड़ी कासगंज की ओर आ रही है। सूचना के आधार पर टीम ने वाहन का पीछा किया।
बताया गया कि बुधवार रात करीब 11 बजे सलेमपुर बीबी रोड स्थित अशोक नगर की राधा डेयरी पर गाड़ी को पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन से उतारा जा रहा लगभग 200 किलोग्राम पनीर खराब और दुर्गंधयुक्त हालत में पाया गया। खाद्य विभाग की टीम ने पनीर का एक नमूना सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। शेष खाद्य पदार्थ को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि मिलावटी एवं खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद मिलावटखोरों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार छापेमार कार्रवाई की जाएगी।