पटियाली, राहुल गुप्ता। नगर के बाईपास रोड स्थित सेंट के.एम. इंटर कॉलेज में दो दिवसीय मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कलात्मक एवं सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता तीन वर्गों में आयोजित हुई, जिसमें कक्षा 3 से 5, कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने आकर्षक मेहंदी डिजाइनों और सुंदर रंगोलियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता में प्रियंका वार्ष्णेय, ममता वार्ष्णेय एवं कंचन वार्ष्णेय ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विद्यालय की ओर से श्रीमती दीपिका एवं श्रीमती सीमा ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
प्रधानाचार्य शोभित सिंह चौहान ने बताया कि प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में प्रतिभा निखारने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक होती हैं।
इस अवसर पर प्रबंधक श्याम किशोर गौर, प्रधानाचार्य शोभित सिंह चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।