Friday, September 11, 2026

Kasganj:आजादी के जश्न के बीच नाले में मिला नवजात का शव, पॉलीथिन में बंद मासूम ने छोड़े कई सवाल.....इंसानियत हुई शर्मसार

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: August 15, 2026

Kasganj:आजादी के जश्न के बीच नाले में मिला नवजात का शव, पॉलीथिन में बंद मासूम ने छोड़े कई सवाल.....इंसानियत हुई शर्मसार

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

कासगंज। 15 अगस्त की सुबह जब शहर आजादी के जश्न की तैयारियों में जुटा था और जगह-जगह तिरंगा लहरा रहा था, उसी वक्त अशोक नगर तिराहे के पास सामने आए एक दर्दनाक मंजर ने इंसानियत को झकझोर दिया। नाले की सफाई के दौरान पॉलीथिन में बंद एक नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दुनिया में ठीक से आंखें खोल भी नहीं पाया मासूम न जाने किसकी बेरुखी का शिकार होकर नाली में पहुंच गया।


शनिवार सुबह करीब सात बजे अशोक नगर तिराहे पर सफाई कर्मचारी नाले की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें नाली में एक पॉलीथिन का बैग दिखाई दिया। बैग खोलते ही उसमें नवजात बच्चे का शव देखकर सफाई कर्मचारी के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जगदीश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कौन छोड़ गया मासूम को मौत के अंधेरे में

नवजात को जन्म देने वाले कौन हैं और आखिर उसे इस तरह पॉलीथिन में बंद कर नाले में किसने फेंका, यह सवाल हर किसी को परेशान कर रहा है। पुलिस ने मामले मे जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मासूम को नाले तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान हो सके।

वही पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नवजात की मौत से जुड़े कारणों का पता चलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.